Ranchi: दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जा रही है. इसी कड़ी में रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रांची नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. डीसी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया ताकि जिलावासी स्वस्थ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूण वातावरण में त्योहार मना सकें.

सामूहिक जिम्मेवारी के साथ टीम वर्क में कार्य करें, छुट्टी में न जायें: डीसी

बैठक में डीसी ने कहा कि त्योहार आम नागरिकों के लिए होते हैं, हम प्रशासनिक स्तर पर कार्य करते हैं तभी आम लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं, छोटी-सी लापरवाही से जान-माल एवं सुरक्षा से जुड़ी असुविधा उत्पन्न हो सकती है. अतः सभी अधिकारी सामूहिक जिम्मेदारी के साथ टीम वर्क में पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करें और अधीनस्थ कार्यालयों में भी त्यौहार के दौरान छुट्टी पर न जाएं.

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर निर्देश

पर्व के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे इसके लिए डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने एसडीओ सदर को ट्रैफिक एसपी एवं नगर निगम पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा.

रांची नगर निगम से संबंधित निर्देश

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में कहा कि सड़कों की मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। पूजा समितियों द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने को कहें. उन्होंने आम नागरिकों से भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पूजा पण्डाल निर्माण को लेकर तय मानकों को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन  की टीम द्वारा पंडालों का निरीक्षण किया जायेगा.

अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी को उपायुक्त द्वारा सभी पूजा पंडालों के आसपास अग्निशमन सुरक्षा गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी को जर्जर तार, ट्रांसफॉर्मर एवं खंभों की मरम्मती का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखने की पूरी तैयारी करें.

सिविल सर्जन रांची को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी बड़े पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का भी निर्देश डीसी द्वारा दिया गया ताकि किसी भी आपातस्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति और अस्थायी पेयजल टैंकर की उपलब्धता सुनिश्चित का निर्देश दिया गया.

दुर्गा पूजा की तैयारी एवं आयोजन की निगरानी के लिये जिला प्रशासन, लाइन विभाग, पूजा समिति एवं अन्य संबद्ध एजेंसियों को जोड़ते हुए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश डीसी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिया गया. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए ग्रुप में दिए गए निर्देशों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित करेंगे. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप पर भी नजर रखे जाने का निर्देश दिया ताकि स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed