Ranchi: 10 रुपए कमीशन पर चार नाबालिग को तामिलनाडु के तिरुपुर तस्करी के लिए ले जा रहे आरोपी को आरपीएफ ने रांची स्टेशन से गिरफ्तार किया है. ठेकेदार के कहने पर नाबालिग को काम के लिए ले जा रहे आऱोपी के साथ प्रति लड़की प्रतिदिन 10 रुपये कमीशन तय हुआ था. आरोपी तस्कर आकाश मांझी बिहार के बेतिया जिला का रहने वाला है.

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर एक व्यक्ति के साथ चार लड़कियां संदिग्ध अवस्था में बैठी थी. संदेह के आधार पर सभी को हिरासत में लेकर आरपीएफ पोस्ट रांची लाया गया. पूछताछ के दौरान चारों लड़कियों ने स्वयं को नाबालिग बताया. नाबालिग लड़कियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी तस्कर आकाश मांझी तमिलनाडु के तिरुपुर नौकरी दिलाने के बहाने 10,000 रुपये प्रतिमाह वेतन का लालच देकर ले जा रहा था. आकाश मांझी ने स्वीकार किया कि तिरुपुर स्थित ठेकेदार दयानंद शर्मा के कहने पर वह लड़कियों को काम के लिए ले जा रहा था तथा प्रति लड़की प्रतिदिन 10 रुपये कमीशन तय हुआ था. आरोपी के मोबाइल फोन की जांच करने पर व्हाट्सएप में 20,000 रुपये 11 जनवरी 2026 एवं 9,000 रुपये 12 जनवरी 2026 के लेन-देन के स्क्रीनशॉट मिले है. जो दयानंद शर्मा द्वारा यात्रा एवं टिकट खर्च के नाम पर भेजे गए थे. रांची से तिरुपुर के लिए जारी पाँच सामान्य श्रेणी के रेल टिकट तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन को जब्त किया गया. आरोपी को जब्त सामान सहित कोतवाली थाना स्थित एएचटीयू थाना को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया. चारों नाबालिग लड़कियों को चाइल्ड लाइन को सुरक्षित संरक्षण में सौंप दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed