Patna: उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण की स्वीकृति और योजनाओं को गति देने के उद्देश्य राज्य के सभी जिलों में ऋण स्वीकृति और ऋण वितरण कैंप आयोजित करने का आदेश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकें. उद्योग मंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभाग के अन्य योजनाओं के तहत ऋण की स्वीकृति प्रदान करने और ऋण वितरण करने के लिए 6 फरवरी से लेकर 12 मार्च तक राज्य के सभी जिलों में कैंप लगाने का आदेश दिया है. जिसकी तैयारी विभाग ने शुरू कर दिया है.
जिलों में आयोजित होने वाले उद्योग विभाग के कैंप में संबंधित जिले के जिलाधिकारी, उद्योग विभाग के अधिकारी, जीविका के अधिकारी और बैंको के वरीय अधिकारी सहभागिता करेंगे, जिससे कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुलभ एवं त्वरित रूप से प्राप्त हो सके. विभाग ने कहा है कि इससे न के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार सजृन को बल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. उक्त तिथियों को जिलों में आयोजित होने वाले ऋण कैंप के सफल संचालन एवं प्रभावकारी अनुश्रवण के लिए उद्योग विभाग ने विभागीय अधिकारियों को जिलावार दायित्व सौंपा है, ताकि ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके.
उद्योग विभाग का यह प्रयास राज्य में उद्यमिता आधारित विकास को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आत्मनिर्भर बिहार के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग मिलेगा.
