Patna: रात को राहगीर के साथ छिनतई करने वाले पुलिस अधिकारी समेत चार आरोपी को पूर्णिया स्थित के. हाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मदन निवासी एसआई अरूण कुमार झा, नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के मंझौरी निवासी बीएमपी जवान अनुज कुमार, अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के नादी निवासी बीएमपी जवान योगेन्द्र पासवान और पूर्णिया जिले के के नगर थाना क्षेत्र के गढ़िया विशनपुर निवासी अमन कुमार उर्फ गोलू का शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 1,10,000 रुपये पुलिस ने बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक कसबा थाना क्षेत्र के मोहनी निवासी अभिनन्दन यादव बुधवार को के. हाट थाना में लिखित शिकायत किया. जिसमें यह आरोप लगाया गया कि बीते रात्रि करीब 12 बजे के हाट थाना क्षेत्र के चुन्नी उराँव चौक के पास पुलिस वाहन में सवार वर्दीधारी एवं एक अन्य सिविलयन ने कुछ रुपयों में 1.10 लाख रुपये छीन लिया. इस दौरान आरोपी ने तरह-तरह की अवांछनीय धमकियाँ भी दी. मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जाँच की गई. जांच में मिले साक्ष्यों व सबूतों के आधार पर अमन कुमार उर्फ गोलू के पास से छीनी गई 1,10,000 रुपया बरामद किया गया. आरोपी घटना के समय पुलिस बल के साथ मौजूद था. अमन कुमार उर्फ गोलू की निशानदेही पर घटना में शामिल दरोगा व बीएमपी के दोनो जवान को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को निलम्बित करने की कार्रवाई की जा रही है.
