Patna: छापेमारी में बरामद सोना और नगद को जप्ती सूची में शामिल नही करने पर थानेदार औऱ दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है. चोर के घर से हेराफेरी में एसपी ने एक्शन लेते हुए दोनों को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया. मामला वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र का है. लालगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार और एक दरोगा सुमन झा के विरुद्ध एएसपी यातायात के जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है.
एसडीपीओ ने एसपी को दिया सुचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 दिसंबर को लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बिलनपुर निवासी रामप्रीत सहनी के आवास पर प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर लालगंज थाना पुलिस छापेमारी किया. इस संबंध में लालगंज थाना (कांड संख्या-662/25) में मामला दर्ज किया गया. लालगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में छापेमारी में चोरी का सामान 3 टीवी, 2 गोली, 1 मिस फायर गोली, एवं कुछ तांबा एवं अन्य धातु के बर्तन की बरामदगी दर्शाया गया. परन्तु इसका कोई वीडियों रिकॉर्डिंग नही की जाने की सूचना सदर-02 एसडीपीओ ने दिया. सदर-02 एसडीपीओ ने वैशाली एसपी को यह सूचना दिया कि छापेमारी की कार्रवाई दौरान सोना एवं नगद राशि की भी बरामदगी की गई थी, जिसे जप्ती सूची में दर्शाया नही गया है.
मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने तत्काल संज्ञान लिया. संपूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विस्तृत जांच का दायित्व एएसपी यातायात को सौंपा गया. जांच के दौरान छापेमारी से संबंधित सभी तथ्यों, अभिलेखों, उपलब्ध साक्ष्यों, जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरूद्ध विधि एवं विभागीय नियमों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी.
एसपी के स्पष्टीकरण का नही दिया जबाव
पूर्व में भी एक मामलें में मध्य प्रदेश की एक महिला के साथ ठगी, शारीरिक शोषण की घटना हुई थी. जिसे गंभीरता से नही लिया गया था तथा स्पष्टीकरण पूछने पर कोई जबाव नही दिया गया था. इनके विरूद्ध दोनों मामलों में कार्यवाही की अनुशंसा तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी को भेजी गई है. प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीआईजी ने लालगंज थानेदार इंस्पेक्टर संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. एवं एसआई सुमनजी झा को निलंबित करते हुए पुलिस केन्द्र हाजिर किया गया.
