Ranchi: कन्हैया यादव हत्याकांड का खुलासा करते हुए जमशेदपुर के गोलमुरी थाना पुलिस ने चार आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में शामिल अपराधी के बेटे के साथ विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया. गिरफ्तार अपराधियों में सुमित कुमार सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले, अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह उर्फ खेबडा और रजा आलम का नाम शामिल है. सभी आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी के पास से 2 देशी पिस्टल, 7 खोखा और 3 पिलेट पुलिस ने बरामद किया है. मृतक कन्हैया यादव और आरोपी सुमित कुमार सिंह के बेटे के बीच करीब चार माह पूर्व विवाद हुआ था. इसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.
जमशेदपुर एसएसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 11 फरवरी को टिनप्लेट मैदान में कन्हैया यादव पर गोली चलने की सूचना मिली. सूचना पर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर घायल कन्हैया यादव को तत्काल ईलाज के लिए टीएमएच भेजा. जहाँ ईलाज के क्रम में कन्हैया यादव की मौत हो गई. मृतक कन्हैया यादव की पत्नी कुसुम देवी के लिखित आवेदन के आधार पर गोलमुरी थाना (काण्ड संख्या-18/26) मे मामला दर्ज किया गया. अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल सघन छापामारी करते हुए सुमित कुमार सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले, अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह और रजा आलम को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 2 देशी पिस्टल, 7 खोखा एवं 3 पिल्लेट बरामद किया गया. चारों के अतिरिक्त अन्य अपराधी भी संलिप्त हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले, अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह और सुमित कुमार सिंह का अपराधिक इतिहास रहा है. तीनों के विरुद्ध आधा दर्जन मामला दर्ज है.
