Patna: कैमुर के कुख्यात सुदखोर को कुदरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कुदरा थाना क्षेत्र के कुदरा पूरब मोहल्ला के रहने वाले गिरफ्तार सुदखोर लक्ष्मण साह के पास से 39 डीड, तीन डायरी जिसमें 97 कर्ज लेने वाले व्यक्तियों का ब्योरा दर्ज, 245 ब्लैंक चेक, 1.764 किग्रा चांदी, 17,0000 रूपया नगद, पीएनबी का 11 पासबुक, एक चेकबुक और 65 ब्लैंक स्टॉम्प पेपर पुलिस ने बरामद किया है.
मामले की जानकारी देते हुए कैमुर एसपी ने बताया कि संतोष तिवारी उर्फ पंकज तिवारी ने कुदरा थानाध्यक्ष को एक लिखित आवेदन दिया. जिसमें बताया गया कि वर्ष 2022 में बहन की शादी के लिए लक्ष्मण साह से 1,50,000 रूपया उधार लिया था. सिक्योरिटी के रूप में आरोपी ने बंधन बैंक मोहनियाँ का ब्लैंक चेक हस्ताक्षर कराकर रख लिया था. आठ-दस बार में 56,000 रूपया लक्ष्मण साह को वापस कर दिया. पुनः 27 सितंबर 2025 को शेष 94,000 रूपये वापस कर ब्लैंक चेक का मांग किया. तो लक्ष्मण साह ने सूद का 5,27,240 रूपये मांगने लगा. तथा चेक देने से इन्कार कर दिया. इस पर लक्ष्मण साह ने संतोष तिवारी के साथ गाली-गलौज, मारपीट किया तथा जबरन सादा पेपर पर बकाया 5,27,240 रूपया लिखवाकर हस्ताक्षर करवा लिया. आरोपी पैसा देने के लिए दबाव बनाने लगा. संतोष तिवारी के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया. मोहनियां एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी लक्ष्मण साह के घर पर छापामारी किया. छापामारी में उसके घर से 39 डीड, 245 ब्लैंक चेक, डायरी जिसमें कर्ज लेने वाले का ब्योरा दर्ज, 1.764 किग्रा चॉदी, नगद 17,0000 रूपया तथा 65 ब्लैंक स्टॉम्प पेपर बरामद करते हुए आरोपी लक्ष्मण साह को गिरफ्तार किया गया.
