Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रांची जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा रांची की सड़कों पर पारंपरिक “स्ट्रीट डांस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह आयोजन झारखंड की लोककला और परंपराओं को आम जनता के बीच प्रसारित करने तथा राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से किया गया.
अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक रांची के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर झारखंड की लोक संस्कृति की अद्भुत छटा बिखरी रही. कार्यक्रम के अंतर्गत करमटोली चौक, फिरयालाल चौक, राजेन्द्र चौक, बिरसा चौक, धुर्वा गोलचक्कर, धुर्वा बस स्टैंड, एयरपोर्ट क्षेत्र, मोरहाबादी पार्क, समाहरणालय (वेंडर मार्केट के समीप), रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम चौक, हटिया (चांदनी चौक) एवं खेलगांव में स्थानीय कलाकारों ने झारखंडी पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया.
ढोल, नगाड़ा, मांदर और झांझ की ताल पर कलाकारों ने नागपुरी, संथाली, हो, और कुरुख नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से राज्य की जीवंत लोकसंस्कृति को सड़कों पर साकार कर दिया. पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों की रंगीन झांकी और झारखंडी लोक धुनों की गूंज से रांची शहर आज संस्कृति और उत्सव के रंग में सराबोर हो उठा.
इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक संस्थाओं और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली. लोगों ने इस आयोजन को झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और एकता का प्रतीक बताया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *