Patna: किशनगंज में जाली लॉटरी कारोबार के इंटरस्टेट सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस मास्टरमाइंड समेत 5 आऱोपी को गिरफ्तार किया है. वही 16 लाख के लॉटरी कूपन समेत अन्य समान पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में मो० नसीम, मो० शाकीर आलम उर्फ मुजेबुर रहमान, अली खान, सूरज कुमार गौड़ उर्फ छोटु और कृष्णा महतो उर्फ सन्नी कुमार का नाम शामिल है. सभी आरोपी किशनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले है. मौके पर से 2,61,500 जाली लॉटरी कूपन, 23,894 नकद लॉटरी बिक्री से अर्जित, 38 भरी हुई डायरी लॉटरी कारोबार का पूरा लेखा-जोखा और 4 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज एसपी के निर्देशन में पुलिस देर रात शहर में सक्रिय जाली लॉटरी माफिया के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए कसेरा पट्टी रोड, वार्ड संख्या-05 में सघन छापामारी कर एक संगठित अंतर-राज्यीय लॉटरी सिंडिकेट का सनसनीखेज खुलासा किया. जिसमें गिरोह के मास्टरमाइंड मो० नसीम सहित 5 आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. छापेमारी के दौरान मौके से 2,61,500 जाली लॉटरी कूपन बरामद किए गए. जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 16,07,500 आँकी गई है, साथ ही लॉटरी बिक्री से अर्जित 23,894 नकद, अवैध कारोबार का संपूर्ण लेखा-जोखा दर्शाने वाली 38 भरी हुई डायरी, रजिस्टर तथा अपराध में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए है. पूछताछ के क्रम में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि यह गिरोह बिहार एवं पश्चिम बंगाल से जाली लॉटरी छपवाकर किशनगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर इसकी आपूर्ति करता था. इस अवैध नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगो की पहचान कर ली गई है. जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ है कि यह अवैध लॉटरी कारोबार न केवल आम जनता को आर्थिक रूप से ठगने का माध्यम था बल्कि संगठित अपराध के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने का एक बड़ा नेटवर्क बन चुका था, जिस पर अब कानून का शिकंजा कस दिया गया है. इस संबंध में गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध किशनगंज थाना (कांड संख्या-59/26) में मामला दर्ज किया गया है. किशनगंज पुलिस ने सख्त शब्दों में स्पष्ट किया है कि अवैध लॉटरी, जुआ एवं संगठित अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियो के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती, निरंतरता और प्रभावशीलता के साथ जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *