Ranchi: रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में रविवार को कार्यालय कक्ष में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आगामी 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच की वनडे के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट मैच के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करना था. बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी, सदर एसडीओ जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
मैच के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में क्रिकेट मैच के दौरान अपेक्षित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया. उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर क्रमवार चर्चा की. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो.
डीसी ने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन जेएससीए को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच राँची में भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके. उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए यादगार हो, बल्कि राँची की छवि एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में और मजबूत हो. जेएससीए के अध्यक्ष ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की समन्वित तैयारियां आयोजन की सफलता को सुनिश्चित करेंगी. सचिव ने भी इस अवसर पर स्टेडियम की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी साझा की.
