Ranchi: रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े सभी संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई. बैठक में नगर प्रशासक सुशांत गौरव, सिटी एशपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, सदर एसडीओ कुमार रजत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित पथ निर्माण एवं भवन निर्माण विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा फ्लाईओवर निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, भू-अर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, यूटिलिटी शिफ्टिंग एवं भवन हटाने से संबंधित विषयों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.
बैठक में नगर निगम के अंतर्गत आने वाले 12 भवनों के वैल्यूएशन निर्धारण की जानकारी दी गई, जिस पर उपायुक्त द्वारा शीघ्रातिशीघ्र शिफ्टिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. संबंधित पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त भवनों को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट कर दिया जाएगा.
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा न आए और आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो.
जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप तेजी से पूरी की जा रही हैं तथा निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है.
