Ranchi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड दौरे को लेकर रविवार शाम को राजधानी रांची पहुंचेगी. राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिहाज से राजधानी रांची को हाई अलर्ट पर रखा गया है. 14 आईपीएस अधिकारी और 75 डीएसपी के अलावे अन्य पुलिस पदाधिकारी को तैनात किया गया है. राष्ट्रपति के तीन दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर आईजी, एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को ब्रिफिंग किया. रांची के धुर्वा स्थित विस्थापित भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी पुलिस कर्मियों और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. इस दौरान आईजी, एसएसपी, ट्रैफिक एसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, रांची डीसी, एडीएम विधि-व्यवस्था, सभी डीएसपी, परिचारी प्रवर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे. राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरा कर लिया है. सुरक्षा व्यवस्था को पूर्णतया चाक-चौबंद बनाया गया है. रांची जोनल आईजी, डीसी, एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग किया. इस ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंपी गईं. ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति के रूट, कार्यक्रम स्थलों, सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारियां प्रदान की गईं. विशेष रूप से सड़क मार्ग के प्रमुख चौराहों, कट्स एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए. साथ ही, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया. राष्ट्रपति के आगमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संबंधित रूटों पर नो फ्लाई जोन सहित अन्य आवश्यक प्रतिबंध लागू किए गए हैं. जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो तथा सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हों. रांची जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सभी नागरिकों से अनुरोध करता है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन को दें.
जमशेदपुर और गुमला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगी. इसके बाद जमशेदपुर रवाना होंगी. जहां वह संताली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह के साथ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति 29 दिसंबर को रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी. 30 दिसंबर को एक कार्यक्रम को संबोधित करने गुमला जाएंगी.
यातायात में तीन दिन तक बदलाव
राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर ट्रैफिक में तीन दिनों तक 1 घंटे तक लोक भवन से रांची एयरपोर्ट तक के सड़क पर सभी तरह से वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. 28 दिसंबर को शाम 6:00 से लेकर 7:00 बजे तक हरमू बायपास एयरपोर्ट से लोक भवन तक का मार्ग बंद रहेगा. 29 दिसंबर को सुबह 9:30 से 10:30 तक और शाम 4:00 बजे से लेकर 5:00 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बाइपास और लोक भवन तक सभी मार्ग बंद रहेंगे. जबकि 30 दिसंबर को सुबह 9:00 से लेकर 10:00 बजे तक लोक भवन से लेकर रांची एयरपोर्ट तक के सभी मार्ग बंद रहेंगे. रांची के ट्रैफिक एसपी सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए आम लोगों से अपील किया है कि वे निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्ग और रिंग रोड का उपयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात दोनों सुचारू रह सकें.
