Ranchi: होटल मालिक पर फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए गढ़वा पुलिस चार अपराधी को गिरफ्तार किया है. 40 रुपये के विवाद में होटल मालिक पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. गिरफ्तार आरोपी में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हरिनामाङ निवासी सुशील कुमार तिवारी उर्फ छोटू तिवारी, गढ़वा थाना क्षेत्र के ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी, रितेश रंजन उर्फ बम्पी पटवा और रवि चंद्रवंशी का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर एक देशी पिस्टल,एक लोडेड देशी कट्टा, पेंदे पर 8 एमएम केएफ अंकित एक गोली और घटना में प्रयुक्त दो बाइक पुलिस ने बरामद किया है.
रंगदारी मांगने के आरोप में दर्ज कराया गया था मामला
शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए गढ़वा एसपी दीपक पांडेय ने बताया 15 मई की रात करीब 23:58 बजे मेन रोड स्थित विराट होटल के मालिक सोनू कुमार उर्फ सन्नी के ऊपर फायरिंग की गई थी. हालांकि किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई. इस संबंध में होटल मालिक ने दूसरे दिन एक लिखित आवेदन दिया. जिसमे बताया गया कि बीते रात इनके घर पर अपराधियों ने फायरिंग की थी. और पचास हजार रूपया रंगदारी की मांग किया गया. इस घटना मे छोटू तिवारी एवं उनके सहयोगी के शामिल होने की बात बतायी गयी थी. इस संबंध मे गढ़वा थाना (कांड संख्या-230/2025) मामला दर्ज किया गया. अनुसंधान के क्रम मे घटना स्थल से खोखा बरामद किया गया. मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. गठित टीम बीती रात गुप्त सूचना पर सुशील तिवारी उर्फ छोटू तिवारी को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया. बरामद पिस्टल से ही होटल मालिक पर सुशील तिवारी ने फायरिंग किया था. सुशील के अलावे दीपक तिवारी, राजन तिवारी, रवि चन्द्रवंशी, बम्पी पटवा भी घटना में शामिल था.
होटल में परोसा जाता है शराब, अधिक दाम को लेकर विवाद
आरोपी ने पुलिस को बताया कि होटल मालिक सोनू अपने होटल में शराब परोसता है, घर में शराब रख कर उसकी बिक्री भी करता है. उससे छोटू तिवारी अपने दोस्तो के साथ रात्रि करीब 11:00 बजे शराब लेने के लिए उसके घर गये थे. तो वह शराब की कीमत से अधिक पैसा मांग रहा था. तीन बोतल बियर का सन्नी 600 रुपया मांग रहा था. रवि चन्द्रवंशी ने फोन पे से 560 रुपया का भुगतान किया. 40 रुपया कम होने पर होटल मालिक सोनू एवं छोटु तिवारी के बीच गाली-गलौज होने लगा. इसी आक्रोश में छोटु तिवारी अपने साथियों के साथ मिलकर होटल मालिक पर फायरिंग किया. छोटू तिवारी के सहयोगी राजन तिवारी को उनके घर से एक लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया. घटना में शामिल बम्पी पटवा एवं रवि चन्द्रवंशी को भी गिरफ्तार किया गया है. घटना में शामिल एक अपराधी दीपक तिवारी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जारी है.
