Ranchi: पलामू के गम्हरिया स्थित ससुराल में पत्नी, सास, ससुर, साला एवं साली पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आऱोपी दामाद को छत्तरपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हैदरनगर थाना क्षेत्र के बरेवा निवासी गिरफ्तार आरोपी लवकुश कुमार यादव के निशानदेही पर खून लगा चाकू औऱ जैकेट पुलिस ने बरामद किया है. आऱोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में रीता देवी के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था. आरोपी के उसकी पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी. पूर्व में दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसे स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीणों द्वारा समझा-बुझाकर शांत कराया गया था. इसके बाद रोजगार के लिए दिल्ली चला गया, किंतु वहां रहते हुए भी दांपत्य विवाद बना रहा. आरोपी का कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा उसकी पत्नी को उसके एवं उसके माता-पिता के विरुद्ध भड़काया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया. आरोपी ने स्वीकार किया कि इसी आक्रोश में उसने दिल्ली से यूपी के रामपुर जाकर चाकू खरीदा और ससुराल पक्ष को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई. 29 जनवरी को वह दिल्ली से सीधे अपने ससुराल ग्राम गम्हरिया आया. रात में विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने पहले अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया तथा बीच-बचाव करने आए ससुर, सास, साला एवं साली पर भी हमला कर दिया और इसके बाद फरार हो गया. आरोपी किसी कार्य से अपने घर आया था और पुनः दिल्ली जाने के क्रम में जपला स्टेशन की ओर जाते समय पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
जपला बाजार से पकड़ा गया आऱोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अऩुसार 29 जनवरी को छत्तरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गम्हरिया में आरोपी लवकुश कुमार यादव ने अपनी पत्नी, सास, ससुर, साला एवं साली पर चाकू से जानलेवा हमला किया था. हमले में सभी घायल हुए थे, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा था. इलाज के क्रम में आऱोपी के ससुर सुनील यादव की मौत हो गई. इस संबंध में आरोपी की पत्नी रीता देवी के फर्दबयान के आधार पर छत्तरपुर थाना (कांड संख्या 15/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर छत्तरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा लगातार छापामारी की जा रही थी. इसी क्रम में जपला बाजार के पास से आरोपी लवकुश कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आऱोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू एवं खून लगा जैकेट बरामद किया गया.
