Ranchi: ग्रामीण डॉक्टर से 10 लाख रंगदारी मांगने में शामिल आधा दर्जन अपराधी को हजारीबाग के बरकठा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में गोरहर थाना क्षेत्र के बरकठा निवासी नावेद खान उर्फ गोलू खान, आलोक कुमार, झूरझूरी निवासी सलमान अंसारी, कोनहरा कला निवासी अबूल अंसारी, घंघरी निवासी अफसर अंसारी और बेलकप्पी निवासी सत्यम कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, आठ गोली, एक बाईक (JH02AL-4873) और 6 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार बरकठा थाना क्षेत्र में ग्रामीण डॉक्टर से रंगदारी मांगने और वाहन पर गोली चलाने की घटना के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ अपराधी को गिरफ्तार किया है. 30 अक्ट्बर की रात गुलाम रबानी को मोबाइल से फोन कर 10 लाख की रंगदारी मांगी गई थी. इसके बाद 6 नवम्बर को गुलाम रबानी के घर के पार्किंग में खड़ी वाहन पर गोली चलाई गई. इस संबंध में बरकठा थाना (कांड संख्या-153/25) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग एसपी के निर्देश पर बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. बरकठा थाना एवं गोरहर थाना की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए घटना में संलिप्त सभी 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा गोली, एक बाईक (JH02AL-4873) और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए. पकड़े गए अपराधियों ने अपराध स्वीकार किया है. पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ये आरोपी टाटीझरिया थाना क्षेत्र में भी इसी मोबाइल नंबर से रंगदारी मांगने के मामलों में संलिप्त रहे हैं. इस संबंध में टाटीझरिया थाना (कांड संख्या-48/25) में मामला दर्ज है.
