Ranchi: स्कूल वैन लिखा ओमनी से 120 किग्रा मेन लाईन केबल तार के साथ आधा दर्जन अपराधी को रामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी में गोला थाना क्षेत्र के मुरपा गांव के रहने वाला कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, तसौवर अंसारी, कोराम्बे के रहने वाले नितेश कुमार महतो, उसका भाई अबुध महतो उर्फ छोटु महतो, अमर कुमार दांगी और रामगढ़ थान क्षेत्र के पारसोतिया निवासी सुरेन्द्र चौधरी का नाम शामिल है. मौके पर से ओमनी (JH07D-0662), 120 किग्रा मेन लाईन केबल तार और एक बाईक (JH24J-5722) पुलिस ने बरामद किया है.
शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए रामगढ़ एसपी ने बताया कि बीते रात करीब 12:20 बजे गुप्त सूचना मिली कि गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सुतरी में कुछ व्यक्तियों के द्वारा बिजली के पोल में लगे केबल के तार को काटकर इक्ट्ठा कर मारूती ओमनी वाहन में लोड कर खरीद-बिक्री के लिये रामगढ़ की ओर ले जाने की योजना बनाई जा रही है. सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीम बनाकर विभिन्न मार्गों पर छापामारी किया. इसी क्रम में गोला थाना क्षेत्र के ग्राम-मुरपा, झरियागढ़ा पूल के पास स्कूल वैन लिखा मारूती ओमनी (JH07D-0662) को रोका गया. वाहन सवार कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, नितेश कुमार महतो, अबुध महतो उर्फ छोटु महतो व तसौवर अंसारी को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर पीछे सीट पर 120 किग्रा मेन लाईन केबल तार बरामद किया गया. इसी क्रम में ओमनी के पीछे आ रहे बाईक (JH24J-5722) सवार को भी रोका गया. बाईक रोकने पर ओमनी में बैठे आरोपी ने बताया कि बाईक सवार सुरेन्द्र चौधरी ही चोरी का केबल तार खरीद-बिक्री करता है. बाईक सवार अमर कुमार दांगी व सुरेन्द्र चौधरी को पकड़ा गया. आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है. सभी आरोपी को गिरफ्तार किया गया. इस संदर्भ में गोला थाना (कांड सं0-122/2025) में मामला दर्ज किया गया है.
