Patna: कोलकता से डांस प्रोग्राम के लिए लड़कियों को पटना बुलाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया है. कॉपरेटीव कॉलोनी विशुनपुर पकड़ी स्थित एक मकान में नाबालिग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक महिला समेत सात आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में दानापुर थाना क्षेत्र के बिस्कुट फैक्ट्री, नासरीगंज के रहने वाले अशोक कुमार, कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पोस्टल पार्क देवी मंदिर के पास रहने वाले धीरज कुमार, बेउर थाना क्षेत्र के विशुनपुर पकड़ी, आईटीआई के पास रहने वाले आर्यन कुमार, आईओसीएल रोड गैस गोदाम के पास रहने वाले प्रिंस कुमार, सत्तर फीट रोड गैस गोदाम के पास सिपाही जी के मकान में किरायेदार शशि भुषण कुमार, विशुपुर पेकडी के रहने वाले सिंटू कुमार और सत्तर फीट एसपी पैलेश में किरायेदार प्रिया विश्वास का नाम शामिल है.
शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए पटना पश्चिमी के सिटी एसपी ने बताया कि बेऊर थाना के डायल-112 को सूचना मिली की कॉपरेटीव कॉलोनी विशुनपुर पकड़ी स्थित एक मकान में एक लड़की के साथ कुछ लोगों के द्वारा रेप किया गया है. सूचना पर छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापामारी करते हुए 3 घंटे के अन्दर घटना में संलिप्त 1 महिला सहित 6 आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के क्रम में यह बात प्रकाश में आई है कि अशोक कुमार एवं शशि भूषण कुमार के द्वारा दुर्गा पूजा के अवसर पर कोलकता से डांस प्रोग्राम के लिए नाबालिग समेत तीन लड़कियों को बुलाया गया था. जिसके लिए कोलकता के रहने वाले रॉनी नामक एक व्यक्ति से सम्पर्क किया गया था. इस संदर्भ में पीड़िता के लिखित आवेदन पर बेऊर थाना (कांड सं0-561/25) में मामला दर्ज किया गया है.
