Patna: किशनगंज के गलगलिया चेक पोस्ट पर सिमेंट लदे ट्रक से 1.23 करोड़ का गांजा के साथ गलगलिया थाना पुलिस ने दो इंटरस्टेट तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र के पिपरौलिया निवासी चालक मो० इम्तियाज जमील और फुलपरास थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सह-चालक विजय कुमार ठाकुर का नाम शामिल है. मौके पर से एक ट्रक (AS01FC2576), 39 पैकेट 246 किग्रा गांजा और दो मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज एसपी को गुप्त सूचना मिली कि एक असम नंबर ट्रक में असम से गलगलिया के रास्ते ट्रक में छिपा कर अवैध मादक पदार्थ बिहार लाया जा रहा है जो अररिया के तरफ जाएगा. सूचना पर ठाकुरगंज-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठत किया गया. गठित टीम चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त मधनिषेध टीम और मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर बंगाल की तरफ से आने वाली वाहनों की चेकिंग में जुट गई. इसी क्रम में एक असम नंबर ट्रक को रोका गया जिसमें उपर से सीमेंट लदा हुआ दिखाई दिया. चालक से पूछ-ताछ करने पर संदेह हुआ तो प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट के समक्ष ट्रक का तलाशी लिया गया तो सीमेंट के नीचे ट्रक में विशेष रूप से बनाये गये तहखाने से छुपाकर रखा गया 39 पैकेट में 246 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 1,23,00,000 रुपया है. चालक और सह-चालक को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध मे चालक, सह-चालक एवं ट्रक मालिक के विरुद्ध गलगलिया थाना (कांड संख्या 17/26) में मामला दर्ज किया गया. इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगा कर आवश्यक कार्रवाई कि जा रही है.
