Patna: ऑनलाईन फेक ट्रेडिंग सहित अन्य साईबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुजफ्फरपुर के राजेपुर ओपी पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. मीनापुर वार्ड 11 के रहने वाले गिरफ्तार आरोपी विकाश कुमार के निशानदेही पर 15,88,139 नगद रूपये, एक लैपटॉप, एक आई पैड एक मॉनिटर, एक पेन ड्राइव, छः मोबाइल, एक बाइक, एक नोट गिनने का मशीन, एक वाई फाई, एक वाई-फाई राउटर, 13 विभिन्न बैंकों का एटीएम कार्ड, आठ विभिन्न बैंकों का पासबुक, तीन विभिन्न बैंकों का चेकबुक और रूपयों से भरा हुआ कैश चेस्ट मशीन पुलिस ने बरामद किया है. घटना की जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि राजेपुर ओपी के मीनापुर गाँव स्थित वार्ड नं०-11 में नगीना भगत के मकान में कुछ लोगों के द्वारा ऑनलाईन फेक ट्रेडिंग सहित विभिन्न प्रकार के साईबर ठगी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. सूचना पर सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम साईबर अपराध की घटना को अंजाम दे रहे विकाश कुमार को भारी मात्रा में नगद कैश, लैपटॉप, नोटों की गिनती करने का मशीन, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, कैश चेस्ट एवं अन्य समानों के साथ गिरफ्तार किया गया. विकाश कुमार ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में सगे भाई सहित साईबर अपराध की घटना में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है. घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है. वही बरामद कैश चेस्ट का खुलवाने के लिए न्यायालय से अनुरोध किया गया है. इस संदर्भ में साहेबगंज थाना (राजेपुर ओपी) (कांड सं०-270/25) में मामला दर्ज किया गया है. बरामद मोबाईल नंबरों, खातों पर बाहरी राज्यों से शिकायत दर्ज है. जिसके आलोक में संबंधित राज्यों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है.
