Ranchi: रामगढ़ के रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु के साथ मारपीट मामले में डीजीपी तदाशा मिश्र ने संज्ञान लिया है. सोशल मीडिया पर रामगढ़ जिला के रजरप्पा मंदिर में पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ मार-पीट की घटना का वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए रामगढ़ एसपी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. डीजीपी के निर्देश पर एसपी ने मारपीट में शामिल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाईन हाजिर कर दिया है. वही एक होमगार्ड जवान को कार्य से विमुक्त किया गया है. रजरप्पा कैंप में तैनात जैप-4 के सिपाही श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उराँव, जॉनसन सुरीन को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है. एवं गृहरक्षक सिकन्दर यादव को उनके कार्य से विमुक्त किया गया है.
क्या है मामला
बीते रविवार को रजरप्पा मंदिर में अप्रत्याशित भीड़ थी, जिस कारण मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार को खोलकर अन्य सभी द्वार को बंद किया गया था. सभी द्वार पर सुबह 06:00 बजे से जैप-04 के जवानों एवं एएसआई प्रकाश चन्द्र मुर्मू की प्रतिनियुक्ति की गई थी ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सकें. समय लगभग 01:30 से 02:00 बजे के बीच निकास द्वार से एक बुजुर्ग को मानवीय अधार पर प्रवेश करने दिया गया. इसी क्रम में जमशेदपुर से आये श्रद्धालुगण जबरदस्ती निकास द्वार से ही प्रवेश करने का प्रयास करने लगा, जिन्हें निकास द्वार पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एएसआई प्रकाश चन्द्र मुर्मू एवं जैप-04 के जवानों ने उन्हें जानकारी देते हुये बताया गया कि निकास द्वार से प्रवेश निषेध है. इस पर जमशेदपुर से आये श्रद्धालुगण नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को अपशब्द बोलने लगे, जिसपर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें अपशब्द नहीं बोलने के संबंध में मना किया. तो वे और उग्र हो गये और पुलिस पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र मुर्मू के कंधे पर लगा स्टार को नोच दिया और गर्दन भी पकड़ लिया. इसी क्रम में प्रतिनियुक्त जैप-04 के पुलिस कर्मियों ने श्रद्धालुगणों के साथ हाथा-पाई किया. सूचना मिलने पर रामगढ़ एसपी स्वयं संज्ञान लेते हुये घटना स्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी लिया. रजरप्पा थाना एवं रजरप्पा मंदिर ओपी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को ब्रीफ किया कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी तरह का अमानवीय एवं अभद्र व्यवहार नहीं करना है. इस तरह की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी. मामले की जांच के लिए एसडीपीओ को निर्देश दिया गया. जाँच के क्रम में यह बात प्रकाश में आई है कि रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आये श्रद्धालु के द्वारा मंदिर के निकास द्वार से प्रवेश करने का प्रयास किये जाने के क्रम में निकास द्वार में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र मुर्मू, रजरप्पा थाना को अपशब्द बोलते हुए कंधे पर लगा स्टार को नोच दिये और गर्दन भी पकड़ लिया. जिसके उपरांत श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उराँव, जॉनसन सुरीन एवं गृहरक्षक सिकन्दर यादव ने निकास द्वार से प्रवेश करने वाले श्रद्धालु के साथ हाथा-पाई किया. मारपीट में शामिल श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उराँव, जॉनसन सुरीन को तत्काल प्रभाव से “सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है. एवं गृहरक्षक सिकन्दर यादव को उनके कार्य से विमुक्त किया गया है.
