Patna: गया के घुघरीटांड एवं मुफस्सिल मोड़ पर होगा फ्लाई ओवर का निर्माण होगा. प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की. इसके अलावे इमामगंज प्रखंड में मोरहर नदी पर कोठी वीयर का निर्माण कराया जायेगा. इमामगंज प्रखंड अंतर्गत लावावार, बारा एवं सोनदाहा बांधों का जीर्णोद्धार किया जायेगा. बसतपुर वीयर से लोदीपुर तक पईन का जीर्णोद्वार, पुलिया का चोड़ीकरण एवं लोदीपुर तक पईन का विस्तारीकरण किया जायेगा. गया-परैया-गुरारू होते हुये औरंगाबाद रफीगंज जोड़ने वाले पथ का चौड़ीकरण कराया जायेगा. इमामगंज प्रखंड के कोठी से सलैया होते हुए सीमावर्ती राज्य (झारखंड) को जोड़ते हुए पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा. बेल्थू गांव में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जायेगा. कंडी नवादा एवं सिलौंजा में 2 पार्कों का निर्माण कराया जायेगा. अत्तरी, कोंच, गया सदर, टेकारी, डुमरिया, परैया, फतेहपुर, बाराचट्टी, मानपुर, वजीरगंज, आमस, मोहनपुर, गुरारू एवं बांकेबाजार में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कराया जायेगा. गया रेलवे स्टेशन से रामशिला जाने वाले पथ में बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी का निर्माण कराया जायेगा.
गया जिला अन्तर्गत बेला-पनारी रोड से शाकिर बिगहा तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य कराया जायेगा. बांकेबाजार प्रखंड अन्तर्गत ग्राम बारा में बड़की एवं मंझियावों नदियों पर पुलों का निर्माण कराया जायेगा. इमामगंज में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी.
मुख्यमंत्री ने चल रही विकासात्मक योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को प्रगति यात्रा के क्रम में गया जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में गया के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस एम ने जिले के विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी. समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी रखीं. बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने कई जगहों पर जाकर विकास कार्यों को देखा है. हम अधिकारियों से कहेंगे कि यहां जो भी जरूरतें हैं, उसे ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें. प्रगति यात्रा के दौरान जिन जिलों का दौरा किया गया है और इस दौरान जो घोषणाएं की गई हैं उन सबको मंत्रिपरिषद् द्वारा स्वीकृति दी गई है और जो घोषणाएं की जा रही हैं उन सबको भी मंत्रिपरिषद् द्वारा स्वीकृति प्रदान की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि गया जिले में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं. यहां इंजीनियरिंग कॉलेज, पारा मेडिकल संस्थान और छात्रावासों का निर्माण कराया गया है. साथ ही राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई, सभी अनुमंडलों में आईटीआई, जीएनएम संस्थान एवं अनेक सड़क तथा पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है. यहां जननायक कर्पूरी ठाकुर अत्यंत पिछड़ा वर्ग छात्रावास का निर्माण कराया गया है. तीन अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय तथा एक पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है. गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी विभाग का निर्माण कराया गया. गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 2500 बेड की क्षमता का अस्पताल बनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 93 पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा चुका है और शेष 290 पंचायत सरकार भवन का निर्माण भी जून 2025 तक पूरा करा लिया जाएगा.
