Ranchi: लड़की से मिलने गया था युवक को बैट्री चोर बोलकर मॉब लिचिंग में शामिल आरोपी पिता-पुत्र को पलामू के पड़वा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में पारस महतो उर्फ पारसनाथ मेहता और उसका पिता बिरेन्द्र मेहता का नाम शामिल है. आरोपी पड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम कोकरसा, टोला तेलियाही का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 2 अखैन (लंबा बांस का डंडा, जिसके अग्र भाग में लोहे का हुकनुमा भाग लगा है) औऱ 3 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. पारसनाथ मेहता से पूछताछ की गई. आऱोपी ने स्वीकार किया कि 21 फरवरी की रात मृतक पवन कुमार चोरी-छिपे उसके घर एक लड़की से मिलने आया था. जानकारी मिलने पर घर के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पवन कुमार को हाथ-पैर बाँधकर मारपीट की गई तथा पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर से बैट्री चोरी के प्रयास की झूठी सूचना आसपास के लोगों में फैलाई गई, जिसके बाद पड़ोसियों द्वारा भी पवन कुमार के साथ मारपीट की गई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21-22 की रात में थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोकरसा, टोला तेलियाही में एक व्यक्ति को चोरी के संदेह में पकड़कर बांधकर मारपीट की जा रही है. सूचना के आधार पर सन्हा दर्ज करते हुए गश्ती दल को घटनास्थल पर भेजा गया. घटनास्थल पर पहुँचकर गश्ती दल के पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम कोकरसा, टोला तेलियाही निवासी पारसनाथ मेहता के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैट्री चोरी के संदेह में एक व्यक्ति पवन कुमार को पकड़कर घर के बरामदे में लगी चौकी से दोनों हाथ-पैर बाँधकर बेरहमी से मारपीट की गई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है. मौके पर पहुंची पुलिस उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर घायल पवन कुमार को उनके चंगुल से मुक्त कराकर तत्काल मेदनीनगर सदर अस्पताल भेजा गया. जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस संबंध में मृतक के पिता मनोज राम के लिखित आवेदन के आधार पर पड़वा थाना (कांड संख्या-13/2026) में मामला दर्ज किया गया.
पुलिस की अपील
पलामू पुलिस आम जनता से अपील करती है कि भीड़ हिंसा (Mob Lynching) एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है. किसी भी अफवाह या उकसावे में आकर कानून अपने हाथ में न लें. किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें एवं शांति बनाए रखें. एक अफवाह किसी परिवार की पूरी खुशियाँ छीन सकती है. धैर्य रखें, कानून का सम्मान करें और इंसानियत को अपनाएँ.
