Patna: जहानाबाद में नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और अरवल के कोरियम में औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान घोषणा की. शुक्रवार को प्रगति यात्रा के दौरान जहानाबाद और अरवल पहुंचे. इसके अलावे जहानाबाद के अरवल मोड़ के नजदीक राजाबाजार आरओबी का निर्माण किया जायेगा. एन.एच.-110 से एस.एस. कॉलेज तक सड़क का निर्माण किया जायेगा. बराबर पर्यटन क्षेत्र का समग्र विकास किया जायेगा. जहानाबाद में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जायेगा. जहानाबाद के काको, घोषी एवं मखदुमपुर प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा. अरवल बस स्टैंड से जनकपुर धाम, एसपी आवास होते हुए बैदराबाद पथ का निर्माण किया जायेगा. माली से एकरौजा भाया तुर्कतेलपा पथ का निर्माण किया जायेगा. कुर्था प्रखंड अन्तर्गत सिनाने वीयर एवं सिनाने नहर का पुनर्स्थापन कार्य किया जायेगा. कुर्था प्रखंड अन्तर्गत मिर्जापुर से डकरा तक सड़क का निर्माण किया जायेगा. अरवल में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जायेगा. अरवल जिला मुख्यालय में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा. अरवल जिले में अरवल, करपी, एवं कुर्था प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा.
अरवल जिले को दी लगभग 111 करोड़ रुपये की सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के क्रम में अरवल जिले को 110686.77 लाख रुपये की सौगात दी. कुल 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. अरवल जिला के करपी प्रखंड स्थित ग्राम महावीरगंज में 380.37 लाख रुपये की लागत से स्लूईस गेट एवं पईन के जीर्णोद्धार कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया. 504.72 लाख रुपये की लागत से राजकीय डिग्री कॉलेज के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्धघाटन किया. मुख्यमंत्री ने राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रांगण से अरवल जिला अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के द्वारा उद्घाटन एवं शिलान्यास किया.
बेलखारा में ग्रामीण उद्यान के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया. 75 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एन्ड वेलनेस सेंटर का रिमोट के माध्यस से उद्घाटन किया. 9.95 लाख रुपये की लागत से निर्मित कराए गए खेल परिसर का उद्घाटन किया.
जहानाबाद जिला को दी 241 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के धरहरा ग्राम के राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय बालिका 10+2 उच्च विद्यालय परिसर से 241.20 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 154.72 करोड़ रुपये की 55 योजनाओं का उद्घाटन और 86.48 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया. 4635.28 लाख रुपये की लागत से राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय बालिका 10+2 उच्च विद्यालय का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया. इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन के लिए की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली. इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने जहानाबाद शहर के राजा बाजार स्थित अंडर पास के पास प्रस्तावित आरओबी का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. मलहचक में प्रस्तावित इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम सह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का स्थल निरीक्षण किया और इसके निर्माण कार्य के मॉडल को देखा.
