Patna: दुकान खोलने का लाईसेंस के एवज में औषधि निरीक्षक को रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी औषधि निरीक्षक शैलेन्द्र नारायण को अरवल सदर अस्पताल स्थित कार्यालय से 40,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम शैलेन्द्र नारायण के गोबर्धन चौक स्थित इनके किराये के मकान में तलाशी ली. तलाशी के दौरान 2,30,000 रुपये, 1290000 रुपये का सोने का आभूषण, विभिन्न बैंकों का तीन पास बुक एवं डाकघर का एक पास बुक बरामद किया गया है. आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है.
निगरानी से मिली जानकारी के अनुसार जितेन्द्र कुमार ने पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया था. जिसमें बताया गया था कि आरोपी औषधि निरीक्षक दूकान खोलने के लिये लाइसेंस देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है. शिकायत का सत्यापन कराया गया तो रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-74/25) में आरोपी औषधि निरीक्षक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. वही अनुसंधानकर्ता डीएसपी विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल कार्रवाई करते हुए औषधि निरीक्षक शैलेन्द्र नारायण को 40000 रूपये रिश्वत लेते अरवल सदर अस्पताल स्थित कार्यालय कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
