Ranchi: हटिया रेलवे स्टेशन में हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से रेलवे कर्मचारी की मिलीभगत से डीजल चोरी का खुलासा करते हुए आरपीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार साहू एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हेतू बस्ती का रहने वाला है. मौके पर से चोरी में प्रयुक्त हुडई कार और 55 लीटर डीजल बरामद किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर हटिया आरपीएफ ने निरीक्षण में कार्रवाई करते हुए रेलवे डीजल चोरी के मामले का खुलासा किया है. बीते रात को आरपीएफ की टीम हटिया रेलवे यार्ड के वाशिंग लाइन संख्या-05 के पास घात लगाकर निगरानी की जा रही थी. इसी दौरान लगभग 21:50 बजे एक चार पहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया गया, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा भारी सामग्री लोड की जा रही थी. संदेह के आधार पर आरपीएफ ने संदिग्ध अजय कुमार साहू को घेरकर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके वाहन से दो जरकीन में क्रमशः लगभग 35 लीटर एवं 20 लीटर डीजल (कुल लगभग 55 लीटर) बरामद किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त डीजल रेलवे यार्ड के वाशिंग लाइन संख्या-05 स्थित हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से एक रेलवे कर्मचारी एवं एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मिलीभगत से अवैध रूप से निकाला गया था. इस संबंध में हटिया आरपीएफ पोस्ट में मामला दर्ज किया गया है. संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.
