Ranchi: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है. विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान उपलब्ध कराए जाने वाले अन्य व्यवस्था की तैयारी को लेकर भी लगातार जिले के उच्च अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है. इसी कड़ी में मंगलवार को रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने आगामी पर्व त्योहार को लेकर विधि-व्यवस्था संबंधित शहरी क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान सिटी एसपी, सदर एसडीओ, ट्रैफिक एसपी, एडीएम विधि व्यवस्था, जिला नजारत उप समाहर्ता, बिजली, सड़क, नगर निगम के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी, तपोवन मंदिर के महंत, डोरंडा महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष, डोरंडा महावीर मंडल के सदस्य, सर्वधर्म सद्भावना समिति के सदस्य, सेंट्रल मुहर्रम कमिटी के सदस्य उपस्थित थे.

उपायुक्त ने आगामी पर्व रामनवमी को लेकर रांची शहर के विभिन्न जुलुस मार्ग का जायजा लेते हुए तमाम तैयारियों के मद्देनजर, शिव मंडप पूजा समिति गाड़ी होटवार, महावीर चौक अपर बाजार, मेडिकल चौक मंदिर रांची, तपोवन मंदिर एवं अन्य जगहों का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.

रामनवमी पर्व को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत

उपायुक्त ने बाँधगाड़ी, रातू रोड (पंडरा क्षेत्र), मेडिकल चौक मंदिर रांची,  महावीर चौक, हनुमान मंदिर (चैती दुर्गा) भूतहा तालाब, मेन रोड बजरंगबली मंदिर, (डोरंडा) तपोवन मंदिर, डोरंडा मंदिर तथा सभी अखाड़ेधारियों (महावीरी अखाड़ों) के रूट और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए की जा रही तैयारियों के संबंध में मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत की. मंदिर में बिजली व्यवस्था, पेयजल, सीसीटीवी, श्रद्धालुओं के आने जाने की व्यवस्था आदि को लेकर उन्होंने जानकारी लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग समिति को उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था संधारण के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पूरे जिले में की गई है.

रामनवमी के जुलुस मार्ग की तैयारियों का जायजा

रामनवमी के जुलुस मार्ग की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त जुलूस के आवागमन एवं प्रस्थान के लिए उपयोग में लाए जाने वाले रास्ते का निरीक्षण करने निकले तपोवन मंदिर में सुरक्षा दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग करने का निर्देश भी दिया गया. उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जाए. उन्होंने कहा कि जुलूस के आगमन एवं प्रस्थान के लिए रास्ता सुगम बनाएं.

जानकारी हो की रांची में रामनवमी की पारंपरिक शोभायात्रा बहुत बड़ी और ऐतिहासिक होती है, जो विभिन्न महावीर मंडलों, अखाड़ों से निकलकर तपोवन मंदिर पर समाप्त होती है. उपायुक्त ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर इन सभी महत्वपूर्ण स्थल का निरीक्षण किया.

भाईचारा की भावना से रामनवमी जुलूस का पूरा स्वागत और आगवानी करेंगे

सेंट्रल मुहर्रम कमिटी डोरंडा के सदस्यों ने आज जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया. कमिटी के सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा. भक्तों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी. रामनवमी जुलूस का पूरा स्वागत और आगवानी करेंगे. कमिटी के सदस्यों ने शांति, सद्भाव और साम्प्रदायिक एकता बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

जिलेवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्यौहार मनाए

उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा. उन्होंने जिलेवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्यौहार मनाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed