Patna: राजधानी पटना को जाम मुक्त बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए राजधानी वासियों को एक और नए एलिवेटेड सड़क की सौगात सोमवार को मिलने वाली है. सीएम नीतीश कुमार कल नव निर्मित मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क का उद्घाटन करेंगे. इस एलिवेटेड सड़क के चालू होने से राजधानी के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को यातायात में काफी सहूलियत मिलने वाली है. साथ ही दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में आना-जाना भी अब बेहद आसान हो जाएगा. रोज घंटों लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी और समय की बचत होगी.
1400 करोड़ रुपये की लागत निर्मित मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना अंतर्गत भूपतिपुर से पुनपुन (एनएच-22) तक एलिवेटेड-सह-एटग्रेड सड़क का लोकार्पण सीएम नीतीश कुमार करेंगे. इस मौके पर राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे. समारोह की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन करेंगे. मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क के लोकार्पण समारोह में पटना साहिब से लोकसभा सदस्य रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद मीसा भारती, विधायक गोपाल रविदास, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, नवल किशोर यादव और कार्तिक कुमार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड के चालू होने से पटना के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को यातायात में काफी सहूलियत मिलने वाली है. जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ और गया के लिए सफर अब आसान हो जाएगा. बता दें कि पहले फेज में सिपारा से महुली तक एलिवेटेड रोड बनकर तैयार हो चुका है.

अब घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा

सिपारा से महुली एलिवेटेड रोड पर जाने के लिए भूपतिपुर के पास बने रैंप से होकर लोग अब सफर कर सकेंगे. इसके चालू होने से सिपारा से महुली की दूरी महज 5 से 6 मिनट में पूरी हो जाएगी. अभी इस दूरी को तय करने में लोगों को काफी मशक्कत करना पड़ता है. मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य दो फेज में चल रहा है. पहला फेज सिपारा से महुली तक है. फेज-1 का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है. मीठापुर से सिपारा तक रूट की संरचना में काफी बदलाव होने के कारण मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन पथ परियोजना (फेज-2) का भी प्रावधान किया गया है. फेज-2 में मीठापुर से सिपारा तक की दूरी जो करीब 2.10 किलोमीटर है. इसपर एलिवेटेड सड़क का निर्माण किया गया है. वहीं महुली से पुनपुन तक 2.20 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए फोरलेन सड़क का भी प्रावधान किया गया है. पथ निर्माण विभाग के अनुसार मीठापुर से सिपारा तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed