Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बांस घाट क्षेत्र स्थित विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्था की जानकारी ली. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बांस घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन अत्याधुनिक शवदाह गृह परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य के प्रगति की भी अधिकारियों से जानकारी ली. इस निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क को नेहरू पथ (बेली रोड) के आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट होते हुए जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बांस घाट में शवदाह गृह परिसर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूर्ण कराएं. यहाँ अंतिम संस्कार में शामिल होने बड़ी संख्या में लोग पहुँचते हैं उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएं. मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाकर बेहतर ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराएं. इस पथ का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से नेहरू पथ और जेपी गंगा पथ के बीच सीधी संपर्कता होगी जिससे लोगों को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed