Ranchi: सुमित सिंह यादव हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए चाइबासा के सदर थाना पुलिस ने घटना में शामिल दो अपराधी को गिरफ्तार किया है. आपसी रंजिश में पांच आरोपी ने घटना को अंजाम दिया था. गिरफ्तार आरोपियों में अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ़ विक्टर का नाम शामिल है. दोनो मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले है. अभिजीत अधिकारी के निशानदेही पर मृतक का खून लगा शर्ट पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की रात करीब 09:45 बजे सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में सुमित सिंह यादव की अपराधियों के द्वारा गोली मार कर हत्या कर दी थी. इस संदर्भ में राज कुमार सिंह यादव के फर्द बयान के आधार पर सदर थाना (कांड सं0-56/25) मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्त्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम घटनास्थल एवं उसके आस-पास के सीसीटीवी के अवलोकन, तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय के आधार पर घटना में शामिल 5 अपराधी की पहचान की गई. विशेष टीम लगातार छापामारी कर अभिजीत अधिकारी व सौरभ राज उर्फ विक्टर को गिरफ्तार किया. आरोपी ने स्वीकारोक्ति बयान में घटना में शामिल होने की बात स्वीकार किया. आरोपी ने पूर्व से चल रहे रंजिश के वजह से घटना को अंजाम दिए जाने की बात बताई. अभिजीत अधिकारी के निशानदेही पर घटना के वक्त पहने गये मृतक का खून लगा शर्ट जप्त किया गया. घटना में शामिल अन्य तीन आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है.
