Ranchi: दुमका सदर प्रखंड अंतर्गत “प्रखंड स्वास्थ्य मेला 2026” के आयोजन को लेकर शनिवार को दुमका प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक प्रखंड कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक में आगामी 7 जनवरी को दुमका प्रखंड के हरिपुर पंचायत के अंतर्गत ग्राम-मुखराली (फुटबॉल मैदान) में आयोजित होने वाले प्रखंड स्वास्थ्य मेला के सफल संचालन के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक के दौरान प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. परवेज आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित करना है. मेले में अबुआ स्वास्थ्य कार्ड, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम, सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच तथा बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी. इस स्वास्थ्य मेला के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं जन-मानस तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
