Patna: एसटीएफ की टीम ने तीन सुपारी किलर के साथ मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है. कटिहार पुलिस और एसटीएफ ने आरोपी से जब पूछताछ किया तो पता चला कि पकड़े गए तीनों सुपारी किलर ने मो० फिरोज अंसारी उर्फ सद्दाम से पैसे लेकर उसके पिता की हत्या करने की सुपारी ली थी. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मो० फिरोज अंसारी उर्फ सद्दाम का अपने पिता एवं भाई से प्रेम विवाह के कारण गहरा मतभेद था. परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था तथा जमीन-जायदाद से बेदखल कर दिया था. इसी रंजिश के कारण मो० फिरोज अंसारी उर्फ सदाम ने अपने पिता की हत्या कराने की साजिश रची और सुपारी दी. तीनों अपराधियों के निशानदेही पर मुख्य साजिशकर्ता मो० फिरोज अंसारी उर्फ सद्दाम को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी में प्राणपुर थाना क्षेत्र के बैना निवासी शुभम कुमार, आजमनगर थाना क्षेत्र के खानगामा निवासी साजीद अंसारी, मो० आजम अंसारी और टाउन थाना क्षेत्र के रामपाड़ा निवासी मो० फिरोज अंसारी उर्फ सद्दाम का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 1 देशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 5 गोली, 4 मोबाईल और 1 बाईक पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कटिहार जिला पुलिस एवं एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि तीन अपराधी किसी व्यक्ति से हत्या की सुपारी लेकर हत्या की योजना बना रहे हैं. साथ ही अपराधी बाईक से हथियार लेकर आजमनगर से महानंदा नदी नाव के माध्यम से दुर्गाघाट होते हुए ग्राम बौना की ओर जाने वाले थे. सूचना पर पुलिस टीम दुर्गाघाट पहुंची. इसी दौरान एक नाव पर सवार तीन व्यक्ति एवं एक मोटरसाईकिल दुर्गाघाट पर आया, जो पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस घेराबंदी शुभम कुमार, साजीद अंसारी व मो० आजम अंसारी को पकड़ा. तलाशी के क्रम में साजीद अंसारी के कमर से 1 देशी कट्टा, 1 गोली, आजम अंसारी के बैग से 1 देशी पिस्टल, 4 गोली बरामद किया गया. इस संदर्भ में प्राणपुर थाना (कांड संख्या-226/25) में मामला दर्ज किया गया है.
