Kishanganj: कुंभ में स्नान करने के बाद बंगाल के शातिर अपराधी ने चोरी की योजना बनाई. प्रयागराज व अलीगढ़ में घटना को अंजाम देने के लिए घरों की रेकी की लेकिन सफल नही हुए. इसके बाद अलीगढ़ में ट्रेन पकड़कर किशनगंज पहुंचे. किशनगंज के टाउन थाना क्षेत्र स्थित रेलवे संवेदक रामनाथ चौधरी
के बंद घर को निशाना बनाया. संवेदक के मैनेजर अंकित कुमार साह के लिखित आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया. घटना 25 जनवरी की रात की है. किशनगंज पुलिस बंगाल से बप्पी सिंह, अमित बाल्मीकि नामक दो शातिर चोर को गिरफ्तार किया. वही आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नेपाल कर्मकार नामक आभूषण कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है. कारोबारी के घर पर छापेमारी कर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण बरामद किए है.
घटना की जानकारी देते हुए किशनगंज एसपी सागर कुमार झा ने बताया रेलवे संवेदक के घर चोरी की घटना का कांड दर्ज करने के छह दिनों के अंदर उद्भेदन कर लिया गया है. घटना में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी को टीम गठित की गई थी. वहीं टीम के द्वारा डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज की मदद से सबूत जुटाए और शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से लूट के 1.28 लाख रुपये नकद, 2.418 किग्रा चांदी, 35.52 ग्राम सोना, चार मोबाइल, एक बाइक बरामद की गई है. दोनों आरोपियों ने पूछताछ के क्रम खुलासा किया कि पहले इन्होंने प्रयागराज स्थित संगम में स्नान किया. उसके बाद चोरी करने की योजना बनाई थी. पहले प्रयागराज में ही रेकी की और फिर अलीगढ़ में, लेकिन वहां इन दोनों को सफलता हाथ नहीं लगी तो फिर किशनगंज पहुंचकर रेलवे संवेदक के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. आरोपी रेकी के दौरान आगे और पीछे से भी घर की रेकी करते हुए शातिराना तरीके से पीछे से अंदर प्रवेश करते हुए घटना को अंजाम देकर फरार हो गये.
