Ranchi: अफीम की खेती करने वालो पर सीसीए के तहत कार्रवाई की जायेगी. हजारीबाग एसपी ने अफीम खेती करने वालो को चिन्हित कर सीसीए का प्रस्ताव मांगा है. साथ ही इस सप्ताह के अंदर अफीम खेती को नष्ट करने का निर्देश दिया है. सोमवार को हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह सभी थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी कई दिशा निर्देश दिए. महिला प्रताड़ना एवं हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित कांडों में अविलंब कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने को कहा. पिछले माह में घटित महत्वपूर्ण अपराधिक कांडों की भी समीक्षा की. सभी कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिए गए. वर्ष 2023 के पूर्व लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादन करने को कहा. लंबित जमानती तथा गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की- जब्ती को एक विशेष अभियान चलाकर निष्पादन करने को कहा. सिविल कोर्ट के सुरक्षा की नियमित रूप समीक्षा करते हुए सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया. नशाखोरी के पदार्थ खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया गया. सोशल मिडिया की मोनिटरिंग करने के साथ अफवाह फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर कड़ी कानूनन कार्रवाई का निर्देश दिया गया. संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के खिलाफ CCA एवं NSA के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
थाने में लंबित सरकारी जमीन से संबंधित मामले को यथाशीघ्र संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका निष्पादन का निर्देश दिया गया. अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्णत रोक लगाने का निर्देश दिया गया. संबंधित अंचल अधिकारी एवम् जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अवैध खनन पर कार्रवाई करने को कहा है. साइबर से संबंधित लंबित मामले को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए उसमें शामिल आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है. आगामी होली एवं रामनवमी के त्यौहार को देखते हुए सभी पुराने सांप्रदायिक कांडो को समीक्षा कर उनमें शामिल आरोपी के विरुद्ध अभी से ही सत्यापन कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है. सभी थाना प्रभारी को अपने अपने थानों में आम पब्लिक की समस्याओं को सुनने एवं उसकी समस्याओं को समय पर निष्पादित करने को कहा गया है. साथ ही अपने अपने थाना क्षेत्र में निरंतर गस्ती जारी रखने का निर्देश दिया गया है.
