Patna: कर्नाटक के मैसूर स्थित ज्वेलरी शॉप से 10 करोड़ सोना लूट में शामिल दो आरोपी को कर्नाटक पुलिस एसटीएफ, दरभंगा नवगछिया पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया. आरोपी में दरभंगा जिले के रहने वाले ऋषिकेश सिंह उर्फ पत्तथल सिंह उर्फ छोटू सिंह एवं भागलपुर जिले के रहने वाले पंकज कुमार उर्फ सतुआ का नाम शामिल है. पुलिस की टीम दरभंगा एवं भागलपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से छापेमारी कर नकद राशि एवं लूटे गए ज्वेलरी के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी के निशानदेही पर एक लूटी गयी सोने का चेन, एक अंगूठी, 1 लाख रुपया नकद, बुलेट एवं अन्य सामान पुलिस ने बरामद किया है. छोटू सिंह को पुलिस 2 दिन पहले दरभंगा से गिरफ्तार किया है. पंकज कुमार उर्फ सतुआ के विरुद्ध बिहार, झारखंड एवं कर्नाटक के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती एवं आर्म्स एक्ट समेत 16 मामले दर्ज हैं. वही ऋषिकेश सिंह के विरुद्ध पूर्णिया, नवगछिया एवं कर्नाटक के मैसूर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती एवं आर्म्स एक्ट समेत 4 मामले दर्ज है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम, दरभंगा एवं नवगछिया जिला पुलिस तथा कर्नाटक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मैसूर के हुनसूर थाना क्षेत्र स्थित स्काई ज्वेलरी शॉप में हुए लूट कांड का सफल उद्भेदन करते हुए दोनो आरोपी को दरभंगा एवं भागलपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से छापेमारी कर नकद राशि एवं लूटे गए स्वर्ण आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया गया. आरोपी 28 दिसंबर को मैसूर स्थित स्काई ज्वेलरी एवं डायमंड शॉप में लगभग 8.32 किग्रा स्वर्ण आभूषण की लूट की वारदात को अंजाम दिया था.
