Ranchi: 12 वर्ष पूर्व परिजनों से बिछड़ कर केरल पहुंचे चाईबासा का युवक सकुशल बरामद कर लिया गया है. चाईबासा पुलिस पुलिस सकुशल उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. जानकारी के अनुसार केरल राज्य में एक बालक भटक कर पहुंच गया था, जिसकी देख-रेख त्रिशूर सीडब्लूसी द्वारा की जा रही थी. जहां पूछताछ के दौरान बालक द्वारा बताया गया कि उसका घर चाईबासा जिला के एक पहाड़ी क्षेत्र में है. उसके पिता का नाम बोलराम, माता का नाम-मनी, एक बड़ा भाई और दो छोटी बहनें हैं. सूचना पर चाईबासा एसपी द्वारा बालक की फोटो एवं विवरण जिले के सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं को भेजकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया. मानवीय सूचना एवं सोशल मीडिया के माध्यम से बालक के परिजनों तक जानकारी पहुँची. इसके बाद परिजन सामने आए, जिसका सत्यापन कराया गया. जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि बालक का नाम राजा गोप उर्फ गोमा है. उसके पिता का नाम स्व. बोडराम उर्फ बुधराम गोप तथा माता का नाम मानी गोप, निवासी ग्राम हाड़ीमारा, थाना सोनुआ, जिला पश्चिम सिंहभूम है. परिवार वर्तमान में आजीविका के लिए पश्चिम बंगाल में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं. परिजनों से संपर्क स्थापित होने के बाद उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई, परंतु आर्थिक स्थिति कमजोर होने एवं रेस्क्यू संबंधी नियमों की जानकारी नहीं होने के कारण पुलिस प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया. जिसके पश्चात बालक को सकुशल वापस लाने की कार्रवाई करते हुए चाईबासा जिला से एक टीम भेज कर त्रिशुर सीडब्लूसी से गुमशुदा बालक (वर्तमान में बालिग) को प्राप्त कर उसके गांव हाडीमारा में परिजनों को सुपुर्द किया गया.
