Ranchi: देवघर पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक नई और अनूठी पहल करते हुए नागरिकों के लिए वॉट्सएप चैटबॉट सेवा की शुरुआत की है. जनता की बढ़ती सुरक्षा आवश्यकताओं और आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए देवघर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल करते हुए ‘संवाद’ व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया है. इस सेवा का उद्घाटन एसपी सौरभ ने किया. यह पहल पुलिस आपके द्वार की सोच को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. अब देवघर के नागरिक बिना थाना गए, घर बैठे ही कई महत्वपूर्ण पुलिस सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव होगा.
इस अवसर पर एसपी सौरभ ने कहा हमारा उद्देश्य तकनीक के माध्यम से जनता के और करीब पहुंचना है. संवाद’ चैटबॉट के जरिए लोग अपनी समस्याएं घर बैठे साझा कर सकेंगे, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी. यह पहल पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एक अहम कदम है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस डिजिटल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सुरक्षित, जागरूक तथा सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं.
क्या है संवाद चैटबॉट?
संवाद एक स्मार्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो 9296913006 व्हाट्सएप के माध्यम से आम लोगों को सीधे पुलिस सेवाओं से जोड़ता है. इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करना और संवाद को आसान बनाना है.यह सेवा फिलहाल अपने पहले चरण में है. आने वाले समय में जनता के सुझावों के आधार पर इसमें और भी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे सेवा और अधिक प्रभावी बनेगी.
प्रमुख सुविधाएं
खोए मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज करना
यातायात, जाम और चालान की जानकारी प्राप्त करना
पासपोर्ट सत्यापन में देरी या समस्या की शिकायत
चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान
पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जानना
साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करना
एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन (पिटीशन) की स्थिति देखना
10 किलोमीटर के दायरे में नजदीकी थानों की जानकारी (मैप सहित)
जनता के सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा
