Patna: भोजपुर जिले के आरा में रिंग रोड का निर्माण कराया जायेगा. इस योजना में 2 नयी सड़कों का निर्माण एवं 4 सड़कों का चौड़ीकरण किया जायेगा. असनी से बामपाली, पातर से असनी नया सड़क बनेगा. वही जीरो माईल से असनी, जीरो माईल से पातर, बामपाली से चन्दवा मोड़ के लिए हुए पकडी तक आरण्य देवी मंदिर (आरा) से आरा-बक्सर फोरलेन पथ (वाया आरा-सिन्हा एवं आरा-बड़हरा) तक चौड़ीकरण किया जाएगा. संदेश से अखगाँव होते हुए कोईलवर तक नहर के बांध पर पथ निर्माण किया जायेगा. संदेश, सहार, अगिगाँव प्रखंड के साथ-साथ पीरो प्रखंड के पूर्वी भाग का जेपी गंगा पथ से सीधे सम्पर्क हो जायेगा. साथ ही लोगों को पीएमसीएच पटना आने में सुविधा होगी. आरा नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत आउटफॉल नाला तथा सम्प हाउस का निर्माण किया जायेगा. इसके अतिरिक्त न्यू पुलिस लाईन से एमपी बाग मोड़ तक नाले का निर्माण किया जायेगा.बिहियाँ-जगदीशपुर-पीरो-सिकरहटा पथ में ओझवलिया पुल से बचरी पुल तक बाईपास का निर्माण कराया जायेगा. बिहियाँ चौरस्ता से एनएच-922 तक पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा. तरारी प्रखंड में ग्राम देव में अवस्थित सूर्य मंदिर परिसर का विकास तथा संग्रहालय का निर्माण किया जायेगा. चंदवा से गांगी होते हुये धरहरा तक नहर बाँध पर सड़क निर्माण किया जायेगा. आरा रेलवे स्टेशन से जज कोठी मोड़ तक पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा. भोजपुर जिले में आरा सदर, उदवन्तपुर, कोइलवर, चरपोखरी, तरारी, पीरो, बिहिया, शाहपुर, संदेश एवं सहार प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को प्रगति यात्रा के क्रम में भोजपुर जिला के जगदीशपुर प्रखंड के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के परिसर से 406.56 करोड़ रुपये की कुल 307 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसमें 165.84 करोड़ रुपये की 145 योजनाओं का उद्घाटन और 240.72 करोड़ रुपये की 162 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. जगदीशपुर प्रखंड के ककिला पंचायत स्थित ग्राम ककिला में 667.56 लाख रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के परिसर विकास एवं एक बॉक्स कल्वर्ट सहित पहुंच पथ का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया साथ ही 535.27 लाख रुपये की लागत से कृषि कार्य के लिए 11 केवी डेडिकेटेड फिडर का भी उद्घाटन किया. जीविका दीदी की रसोई का फीता काटकर शुभारंभ किया. भोजपुर जिला अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया.
