Patna: मुंगेर के बाकरपुर स्थित घर में चल रहे मिनीगन फैक्ट्री का पुलिस उद्भेदन करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर निवासी मो० समीर और मिर्जापुर बरदह निवासी मो० तारिक अनवर उर्फ मो० चुन्ना का नाम शामिल है. पुलिस मौके पर से 2 बेस मशीन, 1 देशी कट्टा, 2 अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल, 3 अर्धनिर्मित मैगजीन, 1 मैगजीन, 7 अर्धनिर्मित बैरल, 1 गोली, 2 हैन्ड ड्रिल मशीन, 1 मोबाइल, 1 अर्धनिर्मित कट्टा समेत अन्य हथियार बनाने के उपकरण बरामद किया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुफ्फसिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि बाकरपुर स्थित कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से मिनीगन फैक्ट्री संचालित कर अवैध आग्नेयास्त्र का निर्माण किया जा रहा है. सूचना पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल सूचना के आधार पर बाकरपुर स्थित स्व० मो फिरोज उर्फ गीदड़ा के घर पर पहुँचा तो देखा कि पकड़े गये दोनो आरोपी घर के अंदर एक कमरा में बैठकर अवैध हथियार का निर्माण कर रहा है. तलाशी के क्रम में बेस मशीन, अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल, देशी कट्टा अर्धनिर्मित मैगजीन तथा अन्य छोटे-बड़े हथियार बनाने वाले औजार को बरामद किया गया. इस संबंध में मुफ्फसिल थाना (कांड सं0-323/25) में मामला दर्ज किया गया है.
