Patna: बेगुसराय के फुलवरिया टोला स्थित घर में चल रहे मिनी गन फैक्ट्री का मुफ्फसिल थाना पुलिस ने उद्भेदन किया है. वही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी अरविंद शर्मा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सॉख, फुलवरिया टोला का रहने वाला है. पुलिस मौके पर से 3 देशी कट्टा, 3 गोली, 2 खोखा, कटा हुआ पाइप, लोहे का चदरा, कटर मशीन, कटर ब्लेड, हेक्सा ब्लेड हैडल सहित, लेथ मशीन, रेती, ड्रिल छेनी, भट्ठी, वेल्डिंग मशीन एवं हथियार बनाने वाला अन्य उपकरण बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सॉख, फुलवरिया टोला में अरविंद शर्मा के घर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का संचालन एवं देशी कट्टा के निर्माण का कार्य किया जा रहा है. जिसे त्वरित कार्रवाई करने पर पकड़ा जा सकता है. सूचना पर सदर-01 के एसडीपीओ के नेतृत्व में मुफ्फसिल एवं सिंघौल थाना पुलिस दलबल के साथ सॉख, फुलवरिया टोला में अरविंद शर्मा के घर को घेराबंदी करते हुए घर में छापेमारी किया. जहाँ पर अरविंद शर्मा विभिन्न तरह के मशीन से काम कर रहा था जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे पकड़ा गया. तलाशी में आरोपी के घर में रखे 3 देशी कट्टा, 3 कारतूस, 2 खोखा एवं गन बनाने वाला उपकरण बरामद किया गया. इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध मुफ्फसिल थाना (कांड सं0-315/25) में मामला दर्ज किया गया है.
