Ranchi: दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित सीएसपी में 4 लाख लूट और संचालक की गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम देने में शामिल एक अपराधी को गोड्डा के पोडैयाहाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी मुन्ताज अंसारी उर्फ लखपतिया दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर दो देशी कट्टा और तीन गोली पुलिस ने बरामद किया है.
शुक्रवार को घटना की जानकारी देते हुए गोड्डा एसपी ने बताया कि 2 जून को दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित महेन्द्र टुडू के सीएसपी में चार हथियार बन्द अपराधियों ने घुसकर करीब 4,00,000 रूपये लूट लिया. एवं सीएसपी के मालिक महेन्द्र टुडू को गाली मार दी. जिनका ईलाज के क्रम में मौत हो गया. इस संदर्भ में पोडैयाहाट थाना (काण्ड संख्या-76/25) मामला दर्ज किया गया था. मामले के अनुसंधान एवं उद्भेदन के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम विभिन्न स्थानों पर छापेमारी एवं आसूचना संकलन कर रही थी. इस क्रम में गुप्त सूचना मिली कि इस लूट काण्ड में सिंहनी के मुन्ताज अंसारी उर्फ लखपतिया भी शामिल है. सूचना के आधार पर मुन्ताज अंसारी उर्फ लखपतिया को गिरफ्तार किया गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस को बताया कि तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया गया था. गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर कमराडोल स्थित बंद पड़ा क्रेसर के बगल में झाड़ी में छिपाकर रखा गया कट्टा एवं गोली बरामद किया गया. वही फरार आरोपी के विरूद्ध छापामारी जारी है.
