Patna: सिवान से डोरीगंज जवान को ले जा रही बस को बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी. जिसमें चालक समेत 42 जवान घायल हो गया. घायलों में 18 जवान के गंभीर स्थित को देखते हुए पटना स्थित पारस हॉस्पीटल रेफर किया गया है. अन्य घायलों को छपरा स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही सारण डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरार ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा घटना की पूर्ण जांच की जाए.
जानकारी के मुताबिक बुधवार को सीआईएसएफ की कम्पनी 542 ‘सी’ अपने संपूर्ण दल-बल के साथ “बिहार विधान सभा चुनाव’ के ड्यूटी के लिये सिवान से डोरीगंज जा रही थी. जब बस रसुलपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेय छपरा गाँव के समीप पहुँची, तभी सामने से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बस में सामने से टक्कर मार दी तथा ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में बस क्षतिग्रस्त हो गई तथा बस में सवार 41 जवान एवं चालक घायल हो गए. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रसुलपुर दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुँचे और घायलों को एम्बुलेंस द्वारा एकमा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया. वहाँ से 25 जवानों को छपरा सदर अस्पताल तथा उनमे से 18 जवानो की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना पारस अस्पताल रेफर किया गया. रसूलपुर पुलिस टीम दोनों वाहनों को जप्त कर लिया. कम्पनी कमांडर के आवेदन पर रसुलपुर थाना (कांड सं0-178/25) में मामला दर्ज किया गया है.
