Ranchi: स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर झारखंड के 17 पुलिस पदाधिकारी समेत कर्मियों को उनकी वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए गैलेंट्री और सेवा पदकों से सम्मानित किया गया है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के अनुसार 5 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल (GM) 1 को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक (PSM) और 11 को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) प्रदान किया जाएगा. राज्य में उग्रवादी संगठन, संगठित अपराधिक गिरोह, अन्य अपराध पर झारखण्ड पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही हैं.
वीरता पुरस्कार के लिए एसआई विनय कुमार (तत्कालीन), हव० प्रमोद कुमार राय (तत्कालीन), आरक्षी वेद प्रकाश महतो, रामचन्द्र कुमार महतो और कृष्णा मुर्मू को लातेहार जिला में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान अदम्य साहस, बहादुरी एवं कर्तव्यपरायणता का परिचय देने के लिए सम्मानित किया गया है. बता दे कि 4 जून 2018 को लातेहार जिला के छिपादोहर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जोबे के पास पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 1 कुख्यात उग्रवादी मारा गया एवं हथियार, गोली बरामद किया गया.
विशिष्ट सेवा के लिए हव० कैलाश कुमार श्रेष्ठा को सम्मानित किया गया है. सराहनीय सेवा के लिए डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी मनोज कुमार रॉय, इंस्पेक्टर असीत कुमार मोदी, एएसआई दीपक पुंज, महेन्द्र महतो, हव. विजय थापा, रंजीता कुजूर, आरक्षी विदेशी मांझी, अजय कुमार दुबे, पुष्पा ओरिया और दीपक कुमार सिंह को सम्मानित किया गया है.
