Patna: देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के पास वेस्ट टू वंडर’ थीम पार्क का मुख्यमंत्री ने बुधवार को शिलान्यास किया. शिलान्यास कार्य के पूर्व देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल पर जाकर मुख्यमंत्री ने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के पास ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पार्क का निर्माण बेहतर ढंग से करायें. इस पार्क के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा. इस थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद जी का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर जेपी गंगा पथ अवस्थित है, यहां का दृश्य काफी मनोरम होगा.

नगर विकास एवं आवास विभाग ने 14.98 करोड़ की दी थी स्वीकृति

नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 14.98 करोड़ रूपये की लागत से देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल एवं जेपी गंगा पथ के बीच 10 एकड़ भूमि में ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पार्क के निर्माण की स्वीकृति दी गयी. इस पार्क में बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास एवं संस्कृति के विभिन्न अवयवों को प्रदर्शित किया जाएगा. थीम पार्क में बिहार की महान विभूतियों- आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक, लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं दशरथ मांझी की प्रेरणादायक गाथाओं को उद्धृत किया जाएगा. पार्क में बिहार की स्थापत्य कला नालंदा, विक्रमशिला, धार्मिक स्तूप, मंदिरों एवं मकबरों को दर्शाया जाएगा। साथ ही पर्यटकों के खाने-पीने की व्यवस्था एवं खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की याद में उनके वर्तमान स्मारक स्थल पर एक भव्य स्मृति परिसर का निर्माण भी किया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed