Ranchi: गुमला के पारही जंगल में 15 लाख के इनामी पीएलएफआइ सुप्रीमो पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया. कामडारा थाना क्षेत्र के पारही जंगल में हुई मुठभेड़ मे पीएलएफआइ के सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा को मार गिराया गया. दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद मार्टिन संगठन की कमान संभाल रहा था. गुमला एसपी और बसिया एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम बनाकर यह कार्रवाई की. पारही जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नक्सलियों को घेरना शुरू किया, जिस पर मार्टिन और उसके दस्ते ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मार्टिन ढेर हो गया. मौके से आधा दर्जन उग्रवादी भागने में सफल रहे, जबकि दो अन्य के घायल होने की सूचना है.
दिनेश गोप के पकड़े जाने के बाद मार्टिन केरकेट्टा ने पीएलएफआइ की कमान संभाली थी. मार्टिन केरकेट्टा ने गुमला के कामडारा इलाके में नरसंहार समेत कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया था. तीन साल पहले कामडारा में हुई मुठभेड़ में जोनल कमांडर गुज्जू गोप मारा गया था, लेकिन मार्टिन बच निकला था. 9 अगस्त 2024 को खूंटी पुलिस ने मार्टिन के घर और ससुराल पर छापेमारी की थी. इस दौरान कई सामान बरामद हुए थे, लेकिन मार्टिन फरार हो गया था. पुलिस ने तब उसके जीजा को हिरासत में लिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed