Patna: बिहार में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड’ के प्रबंध समिति की गुरुवार को हुई पहली बैठक में आगामी तीन माह की कार्य योजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. बिहार सरकार की यह पहल महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में गुरुवार को प्रबंध समिति की पहली बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह और जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, प्रबंध समिति से जुड़ी 12 जीविका दीदियों के साथ राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के मुख्य महाप्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के वरीय अधिकारी समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल थे. जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने बैठक में बताया कि इस संगठन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी जीविका दीदियों के हाथों में होगी.
उन्होंने बताया कि जीविका निधि के सफल संचालन के लिए मंत्रिमंडल से कुल 653 पदों पर प्रतिनियुक्ति अथवा संविदा पर नियुक्ति की स्वीकृति मिल चुकी है. बिहार सरकार द्वारा जीविका निधि में कुल 105 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करा दी गई है. इसमें स्थापना मद के लिए 5 करोड़ रुपये भी शामिल हैं. जबकि अगले कुछ ही महीनों में जीविका निधि के लिए दो हजार से तीन हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का लक्ष्य है.

किफायती ब्याज दर पर उपलब्ध होगा ऋण

यह जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए एक बैंक की तरह काम करेगा और इसके माध्यम से जीविका समूह की महिलाओं को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप बैंक द्वारा किफायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. इसका उद्देश्य न केवल ऋण की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना है, बल्कि सामुदायिक निधियों से जुड़े जोखिमों को भी न्यूनतम करना है.
बैठक में फैसला लिया गया है कि शुरुआती दौर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए तीन तरह के ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे. जिसमें 15 हजार रुपये, 75 हजार रुपये और अधिकतम दो लाख रुपये के ऋण होंगे. जो प्रतिवर्ष 12 प्रतिशत के ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे. इस ऋण को चुकाने के लिए अलग-अलग समय सीमा तय की गई है. 15 हजार रुपये के ऋण को चुकाने के लिए एक वर्ष, 75 हजार के ऋण के लिए दो वर्ष और दो लाख रुपये के ऋण के लिए अधिकतम तीन वर्ष का समय दिया जाएगा. इस ऋण के विरुद्ध प्रतिवर्ष 12 प्रतिशत की दर से ब्याज की वसूली की जाएगी.

संविदा के आधार पर 654 पदों होगी नियुक्ति

राज्य मंत्रिमंडल द्वरा स्वीकृत 653 पदों में राज्यस्तर पर 43, जिलास्तर पर 76 पद (प्रत्येक जिला के लिए 2 पद) और प्रखंड स्तर पर 534 पद (प्रत्येक प्रखंड के लिए एक-एक पद) है. ये सभी पद प्रतिनियुक्ति अथवा संविदा पर होने वाली नियुक्ति पर आधारित होंगे. इस बैठक में आगामी तीन माह की कार्य योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की गई. श्री शर्मा ने बैठक में कहा कि बैंक में ऐसे ऋण उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जो बड़ी राशि की मांग को समय पर पूरा कर सकें. इससे छोटे स्तर पर चल रहे व्यवसायों को मजबूती मिलेगी और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी. स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाओं को वार्षिक 12 प्रतिशत की ब्याज दर पर पूंजीगत ऋण मिलेगा. भविष्य में आवश्यकतानुसार ब्याज दरों में परिवर्तन का अधिकार प्रबंधन समिति को होगा.
सचिव ग्रामीण विकास विभाग, बिहार ने बताया कि जीविका निधि से ग्रामीण समुदाय को त्वरित ऋण उपलब्ध हो सकेगा जो उन्हें आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में सहायक होगा. प्रबंध समिति की पहली बैठक में जीविका निधि के सफल संचालन हेतु 20 कार्यसूची को मिली स्वीकृति.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed

राज्य के 115 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज, 449 का हुआ लाइसेंस रद्द – कालाबाजारी पर कृषि विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति, राज्य में नहीं है उर्वरकों की कोई कमी : राम कृपाल यादव – मंत्री ने कहा कि अंतराष्ट्रीय सीमाओं पर हो रही कड़ी निगरानी पटना, 20 मार्च। कृषि विभाग उर्वरक कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक विभाग ने अनियमितताओं के विरुद्ध 115 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज की है, साथ ही, 449 उर्वरक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द किए हैं। उर्वरक की कालाबाजारी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विभाग ने मुख्यालय स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित किया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर लगातार छापेमारी हो रही है। ये जानकारी राज्य के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने शुक्रवार को दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अधिक मूल्य पर बिक्री को रोकने के लिए पूरी तरह सख्त एवं सतर्क है। राज्य के किसी भी जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है और किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में यूरिया के 2.45 लाख मीट्रिक टन, डीएपी 1.46 लाख मीट्रिक टन, एनपीके 2.05 लाख मीट्रिक टन, एमओपी: 0.41 लाख मीट्रिक टन और एसएसपी 1.03 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंडवार आवश्यकता और आच्छादन के अनुसार उर्वरक का उप-आवंटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी क्षेत्र में कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उर्वरक प्रतिष्ठानों के पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक का नियमित सत्यापन किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों में जांच दल गठित कर नियमित छापेमारी एवं निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिलों में छापेमारी तेज करने तथा सशस्त्र सीमा बल के साथ समन्वय स्थापित कर उर्वरक तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया है।