Ranchi: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने हथियार के साथ तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होम पाईप छायानगर निवासी समीर जैना, अभिषेक कुमार सिंह और टेल्को थाना क्षेत्र के गायत्रीनगर के रहने वाले
विजय तिवारी उर्फ गोलू का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 2 देशी कट्टा, .315 एमएम का 2 खोखा, 1 गोली, एक बाइक और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि बीते बुधवार को सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में अपराधी टकलू लोहार के हत्याकांड में जेल से निकले अपराधी समीर जैना ने उसके बेटा प्रिंस लोहार को जान से मारने की धमकी दिया था. जिस कारण टकलू लोहार की पत्नी रितु लोहार समीर जैना के घर गई थी, जहाँ दोनों के बीच गाली गलौज के क्रम में समीर जैना ने रितु लोहार पर जान मारने की नियत से फायरिंग कर दिया. सूचना पर मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.गठित टीम छापामारी कर रितु लोहार पर फायरिंग के आरोपी समीर जैना को हिरासत में लिया गया. कडाई से पूछताछ करने पर टकलू लोहार के बेटा प्रिंस लोहार को एक दिन पूर्व धमकाने एवं उसकी पत्नी रितु लोहार पर फायर करने की बात को स्वीकार किया. समीर जैना के निशानदेही पर कट्टा, खोखा, गोली एवं बाइक बरामद किया गया. साथ ही घटना में संलिप्त अभिषेक कुमार सिंह एवं विजय कुमार तिवारी को भी गिरफ्तार किया गया.
चोरी की बाइक से भागा था आरोपी
समीर जैना टकलू लोहार की पत्नी पर फायरिंग करते समय उसका दोस्त अभिषेक कुमार सिंह भी एक देशी कट्टा के साथ घटनास्थल पर मौजूद था. जिसके साथ फायरिंग के बाद एक चोरी के बाइक से भागकर दोनों टेल्को थाना क्षेत्र के गायत्रीनगर गया. और अपने दोस्त विजय तिवारी उर्फ गोलू को हथियार और गोली को छिपाने के लिए दिया था. फायरिंग के बाद खोखा अभिषेक कुमार सिंह को रखने दिया था. समीर जैना का अपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध पूर्व से सीतारामडेरा थाना में एक मामला दर्ज है.
