Patna: राजधानी पटना में कारोबारी हत्याकांड के बाद सीएम ने हाईलेवल मीटिंग की. सीएम नीतीश कुमार शनिवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में डीजीपी एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विधि व्यवस्था को लेकर हाईलेवल समीक्षा बैठक की. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें. लापरवाही बरतनेवाले पदाधिकारियों और पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
बैठक में सीएम को डीजीपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी. सीएम ने उद्योगपति गोपाल खेमका की हुई हत्या के संबंध में डीजीपी से विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात कर दोषी की पहचान करें और बिना किसी भेदभाव के उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. यदि आपराधिक घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी भी जांच की जाय और जांचोपरांत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाय.
समीक्षा के दौरान सीएम ने कहा कि विधि व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराध करनेवाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाय. उन्होंने कहा कि घटित आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान कार्यों में तेजी लाये और इसे ससमय पूर्ण करें ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सके. कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन पूरी मुश्तैदी से कार्य करें.

घर लौटने के दौरान अपार्टमेंट के नजदीक अपराधियों ने मारी गोली

बता दे कि राजधानी पटना में में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी. गोपाल खेमका गांधी मैदान के पास अपने अपार्टमेंट में लौट रहे थे, उसी वक्त अपराधियों ने उनके गेट के ठीक सामने गोली मार दी. गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से खुद कार ड्राइव कर घर लौट रहे थे. जैसे ही वे अपने अपार्टमेंट के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी. आनन-फानन में परिजन मेडिवर्सल अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed