Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार पटना जिला के भूपतिपुर में आयोजित कार्यक्रम स्थल से मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना अंतर्गत 1105 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भूपतिपुर से पुनपुन (एनएच-22) तक एलिवेटेड, एटग्रेड पथांश का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर लोकार्पण किया. सिपारा से महुली एलिवेटेड पथ पर जाने के लिए भूपतिपुर के पास बने रैंप से होकर लोग अब सफर कर सकेंगे और सिपारा से महुली की दूरी महज 5 से 6 मिनट में पूरी हो जाएगी.
लोकार्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित एलिवेटेड, एटग्रेड पथांश का भूपतिपुर से पुनपुन तक निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री पुनपुन में रुके और वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा. लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपने इस क्षेत्र के विकास के लिए काफी काम किया है. इस पथ के उ‌द्घाटन होने से हमलोग बहुत कम समय में पटना आवागमन कर सकेंगे, यह सब आपकी बदौलत संभव हुआ है. पुनपुन क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम आपके द्वारा चलाए गए हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र से मेरा पुराना लगाव है. इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मुझे मौका मिला है. हम हमेशा इस क्षेत्र में आते रहते हैं और यहां की समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हैं. हमसे जो बन पड़ेगा आपलोगों के लिए और इस क्षेत्र के विकास के लिए करते रहेंगे. सबलोग मिलजुलकर रहें और आगे बढ़ें.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ के निर्माण से गयाजी, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और राजगीर जाने में लोगों को सुविधा होगी. साथ ही दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में आना-जाना भी अब बेहद आसान हो जाएगा. पटना को जाम मुक्त बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में यह एलिवेटेड सड़क काफी उपयोगी होगी. इस एलिवेटेड सड़क के शुरू होने से राजधानी के दक्षिणी इलाकों में रहनेवाले लाखों लोगों को यातायात में काफी सहूलियत होगी एवं आवागमन में समय की बचत होगी.
मुख्यमंत्री लौटने के क्रम में सिपारा के पास रुके. इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड का निर्माण सिपारा पुल के ऊपर से होगा और मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर पर आकर मिलेगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस बचे हुये कार्य को दो माह में पूर्ण करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed