Ranchi: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से जुड़े कथित POCSO मामले और इस मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर दायर शिकायत पर संज्ञान लिया है. आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) और राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है.

पत्रकार के कार्यालय में छापेमारी और उपकरण जब्त करने का भी मामला

आयोग के समक्ष दायर शिकायत में POCSO मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए गए हैं. इसके अलावा, एक स्थानीय समाचार संगठन के कार्यालय में कथित छापेमारी, पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती और नाबालिग से संबंधित आरोपों के आधार पर पत्रकार की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया गया है.

दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत शिकायत पर संज्ञान लेते हुए राज्य के अधिकारियों को सभी आरोपों की जांच करने और दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट उसके अवलोकन के लिए प्रस्तुत की जाए.

गृह मंत्रालय को भी भेजी गई कार्यवाही की प्रति

इस मामले में आयोग की कार्यवाही की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी सूचना के लिए भेजी गई है. अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर आयोग की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed