Patna: गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं. आरोपी की पहचान रतनचक गांव निवासी पारस राम के पुत्र अंगद कुमार (19) के रूप में हुई है. आरोपी मजदूरी करने के साथ गांव में डीजे साउंड बजाने का काम भी करता था. इसी दौरान उसने एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
डीजे बजाने के दौरान घर पर पड़ी थी नजर
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को रतनचक गांव के नया टोला में डीजे साउंड बजाने के दौरान अंगद कुमार अजय सिंह के घर पानी पीने गया था. इस दौरान घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर प्रवेश कर गया. इसके बाद घर में रखी आलमारी और ड्रॉअर से सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. चोरी किए गए आभूषणों को उसने गांव के हनुमान मंदिर से पूरब स्थित सरकारी विद्यालय के बगल में पुराने विद्यालय के एक कमरे के छप्पर पर छिपा दिया था. 20 नवंबर को घर में चोरी की सूचना मिलने के बाद हथुआ थाना (कांड संख्या 386/26) में मामला दर्ज किया गया. थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए. एसपी के निर्देश पर मीरगंज एसडीपीओ एवं हथुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए अंगद कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुराने विद्यालय के कमरे के छप्पर से चोरी के आभूषण बरामद किए गए. बरामद सामान में सोने के तीन जोड़े कान के टॉप्स एवं झुमके, एक अन्य सोने का आभूषण, चांदी के दो जोड़े ताबीज एवं पायल, एक जोड़ा बिछिया तथा चांदी का एक अन्य आभूषण शामिल है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वहीं, कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
